सारंगढ़ बिलाईगढ़ 6 मई 2026/ छिरचुआं और बिलासपुर के डेरों में धधक रही महुआ शराब की भट्टियां उस वक्त थम गईं जब सरसींवा पुलिस ने अचानक ताबड़तोड़ रेड मारकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गांवों के भीतर चुपचाप चल रहे अवैध शराब कारोबार का ऐसा खुलासा हुआ कि पुलिस टीमों को जगह-जगह शराब से भरे ड्रम, निर्माण सामग्री और महुआ की तेज गंध के बीच कार्रवाई करनी पड़ी। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सरसींवा पुलिस और रक्षित केंद्र सारंगढ़ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छिरचुआं और बिलासपुर में एक साथ दबिश दी। सूचना साफ थी कि हथभट्ठी में तैयार कच्ची महुआ शराब आसपास के इलाकों में सप्लाई की जा रही है और इसी इनपुट के बाद पुलिस ने पूरा जाल बिछा दिया। रेड के दौरान सबसे बड़ा खुलासा छिरचुआं गांव में हुआ जहां मीना पति भागीरति गोंड उम्र 38 वर्ष निवासी छिरचुआं, भमिनी बनज पति लीलाराम बनज उम्र 36 वर्ष निवासी छिरचुआं और फरार आरोपी भागीरति गोंड पिता जगनथिया गोंड के ठिकाने से 115 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के बर्तन बरामद हुए, जिसकी कीमत करीब 24 हजार 500 रुपये बताई गई। इसके बाद पुलिस ने मोहन गोंड पिता समारू गोंड उम्र 22 वर्ष निवासी छिरचुआं को 80 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दबोचा। इसी गांव में श्रवण गोंड पिता कुशवा गोंड उम्र 23 वर्ष के कब्जे से 60 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। कार्रवाई का दायरा बढ़ा तो बिलासपुर में अघोरी डहरिया पिता स्वर्गीय संतराम डहरिया उम्र 56 वर्ष के ठिकाने से 15 लीटर 700 मिलीलीटर कच्ची महुआ शराब और निर्माण सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज करते हुए आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 270 बल्क लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और निर्माण सामग्री जब्त की, जिसकी कुल कीमत 56 हजार 300 रुपये आंकी गई है। गांवों में चल रहे इस काले कारोबार पर पुलिस की इस रेड के बाद शराब कोचियों में डर का माहौल है और इलाके में लगातार चर्चा है कि अब अवैध धंधा करने वालों पर पुलिस सीधा वार कर रही है। बहरहाल, सरसींवा पुलिस का संदेश साफ है—महुआ की भट्ठियों में चाहे कितना भी धुआं उठे, कानून की नजर आखिरकार हर अड्डे तक पहुंच ही जाती है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



