धमतरी 8 मई 2026/ महावीर चौक भखारा में बुजुर्ग की गला रेतकर हुई सनसनीखेज हत्या के बाद फरार आरोपियों की तलाश में जुटी धमतरी पुलिस ने आखिरकार पूरा शिकंजा कस दिया। पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट विवाद से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया और अब इस चर्चित हत्याकांड में फरार आरोपी राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। महावीर चौक की उस रात चीख-पुकार और अफरा-तफरी से कांप उठी थी जब 06 मई 2026 की रात भखारा निवासी अन्नु निर्मलकर पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किया गया। बताया गया कि पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट को लेकर शुरू हुए विवाद में आरोपीगण ने पहले मारपीट की और फिर एक विधि से संघर्षरत बालक ने अन्नु निर्मलकर के गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्नु को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और मामला पुलिस अधीक्षक धमतरी तक पहुंचा, जिसके बाद थाना भखारा पुलिस को तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। थाना भखारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जांच तेज की और पहले ही आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद फरार आरोपी राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार पिता हेमसिंग कंवर, उम्र 20 वर्ष, निवासी भखारा, थाना भखारा, जिला धमतरी को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पूरे मामले में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है। इस हत्याकांड ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटी रंजिश और सड़क विवाद कब खूनी अंजाम ले लें, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता, लेकिन धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को सलाखों तक पहुंचाने में देर नहीं लगाई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



