बिलासपुर 22 मार्च 2026/नगर के निजी महाविद्यालय में छात्र ने कैंटीन में बैठे सहपाठी की आंख में पटाखा फेंककर फोड़ दिया। इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्र की मां ने घटना की शिकायत तोरवा थाने में की है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।बजरंग चौक में रहने वाले संतोषी सोनी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रुद्र नारायण सोनी तोरवा क्षेत्र के निजी महाविद्यालय में प्रथम वर्ष का छात्र है। गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे वह कालेज कैंटीन में दोस्तों धनेश्वर, प्रतीक, भूमिका और ऐश्वर्या के साथ बैठा था। तभी कालेज में उनके साथ पढ़ने वाला तरुण कश्यप आया। उसने बिना कारण ही अपनी जेब से जमीन पर पटककर फोड़ने वाला पटाखा निकालकर सीधा रुद्र नारायण की आंख में फेंककर मारा। आंख के पास लगकर पटाखा फूट गया। इससे उसके चेहरे और आंख में गंभीर चोटें आई। उसने इसकी जानकारी अपने मामा प्रमोद यादव को देकर कालेज बुलाया। कालेज पहुंचे मामा ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही इसकी सूचना उसकी मां को दी। तब संतोषी अस्पताल पहुंची। उन्होंने अपने बेटे को आंखों के डाक्टर को दिखाया। डाक्टरों ने घायल छात्र को भर्ती कर लिया है। उसका सिम्स में इलाज चल रहा है। इधर तोरवा पुलिस ने संतोषी की शिकायत पर बीएनएस की धारा 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों द्वारा जानबूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


