बिलासपुर । बेलगहना पुलिस ने गौ-मांस के साथ एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम करहीकछार का है, जहाँ पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर अलसुबह आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस को मौके से करीब 7 किलोग्राम मांस और मांस काटने में इस्तेमाल की जाने वाली टंगली बरामद हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर हुई इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पूरा मामला बेलगहना चौकी क्षेत्र का है, जहाँ जय गुप्ता नामक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी थी कि बिजली ऑफिस के पास रहने वाला सुरेश कुमार सोनवानी अपने घर में गौवंश का मांस काटने और उसे सुखाने का काम कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जब तड़के सुबह आरोपी के घर पर रेड मारी, तो मंजर चौंकाने वाला था। आरोपी सुरेश कुमार अपने आंगन में बैठकर बड़े ही इत्मीनान से मांस के टुकड़े कर रहा था। पुलिस की अचानक मौजूदगी देख आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 किलोग्राम कटा हुआ मांस और घटना में प्रयोग कुल्हाड़ी जब्त की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


