धमतरी 9 मई 2026/ थानों में सालों से धूल खा रही फाइलों पर अब कार्रवाई की तेज आंधी चलने वाली है, क्योंकि डीजीपी छत्तीसगढ़ के निर्देश के बाद धमतरी पुलिस ने लंबित खात्मा और खारजी प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने 09 मई 2026 को जिले के सभी अनुभाग अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की हाई-लेवल समीक्षा बैठक लेकर साफ शब्दों में निर्देश दे दिए कि पुराने मामलों को अब फाइलों में दबाकर नहीं रखा जाएगा। बैठक में थानों में लंबित खात्मा और खारजी प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की गई और हर मामले को विधिसम्मत परीक्षण के बाद जल्द से जल्द माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। एसपी ने दो टूक कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा केवल न्यायिक प्रक्रिया को तेज नहीं करेगा बल्कि थानों पर बढ़ते प्रकरणों का दबाव भी कम करेगा और पुलिसिंग को ज्यादा पारदर्शी और प्रभावी बनाएगा। समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर लंबित प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग हो, न्यायालयीन पेशियों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले में वैधानिक कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए। डीजीपी छत्तीसगढ़ के विशेष अभियान को प्राथमिकता बताते हुए एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों को भी अपने-अपने अनुभागों के थानों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए ताकि पुराने मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण हो सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी विपिन रंगारी और डीपीओ अजय सिंह समेत जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस कार्यालय के स्टेनो, रीडर और थानों के रीडर भी बैठक में शामिल हुए। धमतरी पुलिस का दावा है कि जिले में लंबित खात्मा और खारजी प्रकरणों के निराकरण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। बहरहाल, अब साफ संकेत हैं कि धमतरी जिले में पुराने मामलों की बंद फाइलें फिर खुलेंगी और लापरवाही पर जवाबदेही तय होगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



