बिलासपुर 10 मई 2026/ इंडेन गैस कंपनी और बालाजी गैस एजेंसी के बीच चल रहे सप्लाई विवाद का असर अब उपभोक्ताओं पर साफ दिखाई देने लगा है। गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिलने से नाराज 958 उपभोक्ताओं ने गुरुवार को बालाजी गैस एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर कालाबाजारी और वितरण व्यवस्था में भारी अनियमितता के आरोप लगाए। प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में उपभोक्ता कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां उन्होंने एडिशनल कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर के अनुपस्थित रहने पर उपभोक्ताओं ने पूरी स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया, जिस पर जांच का आश्वासन दिया गया। इसके बाद नाराज उपभोक्ता मगरपारा स्थित बालाजी गैस एजेंसी पहुंच गए। एजेंसी के बाहर पहुंचते ही उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी में गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है और चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता देकर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान एक उपभोक्ता के नाम से लिया जाता है, लेकिन सिलेंडर किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया जाता है। इससे वास्तविक उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार स्टॉक खत्म होने का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है, जबकि कुछ लोगों को सीधे सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं। इस शिकायत पर एजेंसी कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।जांच टीम ने गोदाम निरीक्षण के दौरान कथित रूप से 452 सिलेंडर गायब पाए थे, जिसके बाद डिस्ट्रीब्यूटर को नोटिस जारी किया गया था। एजेंसी संचालक ने जवाब में उपभोक्ताओं की सूची और वीएसी नंबर कंपनी को भेजे जाने की बात कही थी। मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है। विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलने में 2 से 3 दिन की देरी हो रही है, जबकि बुकिंग सिस्टम में डिलीवरी दर्ज दिखाई जा रही है।बालाजी गैस एजेंसी के डिस्ट्रीब्यूटर कृष्ण कुमार सेलारका ने कहा कि कंपनी पिछले एक वर्ष से पर्याप्त गैस उपलब्ध नहीं करा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर से लेकर प्रधानमंत्री तक शिकायत की जा चुकी है। उनके अनुसार वर्तमान में 958 सिलेंडरों का बैकलॉग चल रहा है। वहीं फूड कंट्रोलर अमृत कुजूर ने कहा कि कंपनी और एजेंसी के बीच विवाद की जानकारी मिली है। अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्या का जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए गए हैं और शीघ्र ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



