राजनांदगांव 7 मई 2026/ रात के सन्नाटे में फार्म हाउस के भीतर चल रही हुक्का पार्टी पर डोंगरगढ़ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि मौके पर मौजूद छह युवक सीधे पुलिस कार्रवाई के घेरे में आ गए। असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार चल रहे अभियान के तहत थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने रात्रि अड्डेबाजी चेकिंग के दौरान दबिश देकर हुक्का सेवन करते छह संदिग्ध युवकों को पकड़ा और सभी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत वैधानिक व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस टीम को रात्रि गश्त और अड्डेबाजी चेकिंग के दौरान एक फार्म हाउस में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल दबिश दी गई। मौके पर विशाल यादव पिता जग्गू यादव उम्र 25 वर्ष निवासी कोटा पारा, बाबू विश्वकर्मा पिता संजय विश्वकर्मा उम्र 18 वर्ष निवासी डोंगरगढ़, भूपेंद्र नायक पिता विनोद नायक उम्र 23 वर्ष निवासी महावीर पारा डोंगरगढ़, रोहन यादव पिता सुखलाल यादव उम्र 19 वर्ष निवासी डोंगरगढ़, दक्ष ठाकुर पिता दीपक ठाकुर उम्र 20 वर्ष निवासी कुम्हार पारा डोंगरगढ़ और तारन निषाद पिता हीरालाल निषाद उम्र 18 वर्ष निवासी खुटा पारा डोंगरगढ़ हुक्का का सेवन करते मिले। पुलिस ने सभी को मौके पर हिरासत में लेकर पूछताछ की और कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों, अड्डेबाजी करने वालों और सार्वजनिक रूप से प्रतिबंधित गतिविधियों में शामिल लोगों पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, डोंगरगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि अब रात की आड़ में चलने वाली हर संदिग्ध महफिल पुलिस की नजर से बच नहीं पाएगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



