बिलासपुर 7 अप्रैल 2026/ शहर के सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर चौक में सड़क की स्थिति पिछले करीब दो महीनों से बेहद खराब बनी हुई है। पाइपलाइन मरम्मत के लिए सड़क को खोदा गया था, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से हालात और भी खतरनाक हो गए हैं। यह मार्ग बिरकोना जाने वाले लोगों के लिए भी मुख्य रास्ता है, जहां की स्थिति सबसे ज्यादा दयनीय बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सड़क में गड्ढे नहीं, बल्कि गड्ढों में सड़क नजर आती है। रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा हो गया है। गड्ढों और पानी के कारण संतुलन बिगड़ने से आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। वहीं स्कूली बच्चों के लिए भी यह मार्ग खतरे से खाली नहीं है, जिन्हें रोज इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर निगम से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों में नाराजगी है कि प्रशासन शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, तब जाकर इस सड़क की सुध ली जाएगी। नागरिकों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



